लखनऊ। साइबर जालसाजों ने महिला समेत दो लोगों के खाते से 4.25 लाख के अधिक की रकम पार कर दी। पीडि़तों ने पीजीआई और मडिय़ांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
खाते से तीन बार में 3.89 लाख रुपये पार
पीजीआई के वृंदावन योजना तेलीबाग निवासी नितिन गौरव सिंह का खाता एसबीआई में है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उनके पिता अरविंद कुमार सिंह के मोबाइल पर जालसाजों ने केवाईसी अपडेट के लिए एक लिंक भेजा। इसके बाद जालसाज ने फोन कर खाते की पूरी जानकारी ले ली।
कुछ ही देर में खाते से तीन बार में 3.89 लाख रुपये पार कर दिये। वहीं मडिय़ांव के रहीम नगर डुडौली निवासी फातिमा का खाता गाजीपुर स्थित उज्जीवन स्माल फाइनेंसर बैंक में है।
जालसाजों ने धोखाधड़ी कर फातिमा के खाते से कुछ दिन पहले 36500 रुपये निकाल लिये। पीडि़ता जब पासबुक में इंट्री कराने पहुंची तो खाते से धोखाधड़ी कर रुपये निकलने की जानकारी हुई। दोनों मामलों में पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है।